पूरे उत्तरी भारत मे भूकंप के झटके
लोग घरो दफ्तरो से बाहर निकले
भीलवाडा // पूरे उत्तर भारत और आसपास के राज्यों में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट से लेकर 11 बजकर 50 मिनट तक कई चरणों में भूकंप के झटके अाए। पड़ोसी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी भारी भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। भूकंप को देखते हुए दिल्ली में मेट्रो की सेवा रोक दी गई थी।
यह झटके दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और उड़ीसा में महसूस किए गए। दिल्ली-एनसीआर में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार नेपाल में भूकंप का केंद्र बताया जा रहा है जबकि रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.4 आंकी गई है। धरती से तीन किलोमीटर अंदर इसका केंद्र बताया जा रहा है।